सिंहां दा मुहल्ला और भानेवाल गुरुद्वारे में तीन फेज होगी बिजली लाइन
उपमुख्यमंत्री ने वोल्टेज की समस्या के निदान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
बोले- हरोली विस क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी की नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने कहा कि पुंजआना से पोलियां वाया कुठारबीत सड़क के लिए 42 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें 12.50 करोड़ की राशि सड़क निर्माण को लेकर भूमि अधिग्रहण पर व्यय की जाएगी।
हरोली विस क्षेत्र के बालीवाल में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ड़गिड़ासाहब से टाहलीसाहब वाया बाबा भरथरी मंदिर सड़क पर 4.65 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा बालीवाल में 35 लाख रुपये अलग-अलग सड़क कार्याें पर खर्च होंगे। पंचायत में मनरेगा के तहत 52 लाख रुपये के कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तार तथा पोल बदलने के काम किए जा रहे हैं। बालीवाल क्षेत्र में इन कार्यों पर 25 लाख रुपये व्यय किए गए हैं।
उन्होंने लोगों की मांग पर सिंहां दा मुहल्ला और भानेवाल गुरुद्वारे में वोल्टेज की समस्या के निदान के लिए थ्री फेज बिजली लाइन के निर्देश दिए। अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में कोई भी अपराधी अपराध करके अब बच नहीं सकेगा। दो करोड़ रुपये व्यय कर पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी की निगरानी सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रवेश द्वार, मुख्य मार्गों, महत्वपूर्ण स्थलों, चौराहों और बाजारों में सीसीटीवी लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हरोली के रोड़ा में जल्द ही पांच करोड़ रुपये से एक ऑटोमेटिक वाहन परीक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां कंप्यूटराइज्ड वाहन टेस्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त आठ करोड़ रुपये की लागत से ट्रैफिक पार्क और सात करोड़ रुपये से एक विश्राम गृह का निर्माण कार्य भी तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली में छह करोड़ से बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है।