संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में 29 जुलाई को शुरू होने वाले सावन अष्टमी मेले को अभी काफी दिन हैं। जेबकतरे अभी से मंदिर क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। रविवार शाम को पंजाब से आए एक श्रद्धालु का कीमती मोबाइल, पर्स व जरूरी कागजात पर किसी जेबकतरे ने हाथ साफ कर डाला।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु के पर्स में 8,500 रुपये थे। जब श्रद्धालु को अपने पर्स के चोरी होने का पता चला तो उसने इसकी शिकायत मंदिर कंट्रोल रूम में की और सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी। इस पर होमगार्ड के इंचार्ज पूर्ण सिंह ने शक के आधार पर दो लोगों से पकड़कर पूछताछ की। हालांकि, कैमरे की रिकॉर्डिंग में जो व्यक्ति दिख रहा था वो ट्रेस नहीं हो पाया। पकड़े गए दो लोगों से भी पूछताछ की गई है।
मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल ने बताया कि पुलिस को जानकारी दे दी है। पुलिस पर्स और मोबाइल चुराने वाले जेबकतरे की तलाश में जुट गई है। चिंतपूर्णी थाना प्रभारी रोहिणी ठाकुर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग के आधार पर जेबकतरे को ट्रेस किया जा रहा है।