नंगल में शातिर चोर चुराई गई बाइक के साथ।
- फोटो : Una
नंगल। बाइक चोर गिरोह के एक सदस्य को नंगल में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जिले में भी कुछ बाइक चुराई हैं। पुलिस ने शातिर चोर से दस बाइक बरामद की हैं। डीएसपी रमिंद्र सिंह काहलों ने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला पुलिस प्रमुख विवेकशील सोनी के निर्देश पर असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए विशेष नाकेबंदी की थी।
इस दौरान थाना प्रभारी नंगल इंसपेक्टर पवन चौधरी ने एमपी कोठी के निकट नाकेबंदी की। इसी दौरान एक बाइक चालक संजीव कुमार निवासी प्लासी से बाइक के कागजात मांगे तो वह दिखाने में नाकाम रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बाइक चोरी होने की बात कबूल की। इसके आधार संजीव के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
अदालत में पेश करने पर दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर सख्ती से पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर नंगल, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, मैहतपुर और संतोषगढ़ से चोरी किए अलग-अलग कंपनियों के 10 बाइक बरामद किए। डीएसपी रमिंद्र सिंह ने कहा कि दो दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने पर अदालत में पेश कर संजीव का फिर से रिमांड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा। पकड़े आरोपी का एक अन्य साथी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।