क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में ऑटो एनेलाइज मशीन का शुभारंभ करते हुए डीसी राघव शर्मा व अन्य। संवाद
- फोटो : Una
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपायुक्त राघव शर्मा ने बुधवार को एडवांस ऑटोमैटिक एनेलाइजर मशीन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण भी किया और इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए अधिकारियों व संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए।
इस अत्याधुनिक मशीन को चिंतपूर्णी मंदिर न्यास से मिली 20 लाख रुपये की सहयोग राशि से स्थापित किया गया। मशीन से एक घंटे की अवधि में 640 टेस्ट किए जा सकते हैं। मशीन द्वारा बायोकेमिस्ट्री, लीवर टेस्ट, आरएफटी, ब्लड शूगर सहित 45 स्वास्थ्य मानकों पर अलग-अलग टेस्ट की सुविधा होगी। इससे अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए आने वाले रोगियों को काफी सुविधा मिलेगी। कम समय में जांच के परिणाम मिलने से रोगियों के समय की बचत होगी तो वहीं बीमारी का पता लगाकर समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर उपायुक्त राघव शर्मा ने अस्पताल परिसर में शौचालयों की मरम्मत, ड्रेनेज सिस्टम की रिपेयर सहित दीवारों को पेंट करने के कार्य का निरीक्षण किया। चिंतपूर्णी न्यास से 22 लाख रुपये अस्पताल परिसर की मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष बचे हुए कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने अस्पताल के कॉरिडोर में टूटे हुए फर्श की मरम्मत करने के लिए कोटा स्टोन का प्रयोग तथा कमरों के फर्श की रिपेयर के लिए फ्लोर टाइल्स लगाने और दरवाजों की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ मंजू बहल, एमएस डॉ रमन शर्मा भी उपस्थित रहे।