बीते मई माह के पहले सप्ताह में हुई थी प्रवेश प्रक्रिया
चयनित खिलाड़ियों को फोन पर दी गई है सूचना
सुरेश बसन
ऊना। मई माह के पहले सप्ताह में खेल छात्रावास ऊना में प्रवेश प्रक्रिया का परिणाम घोषित कर दिया गया है। खेल विभाग की ओर से घोषित किए गए परिणाम में खेल छात्रावास ऊना में 34 खिलाड़ियों को प्रवेश पाने का अवसर मिला है।
शिमला खेल विभाग के निदेशालय की ओर से शुक्रवार को इस परिणाम को घोषित किया गया। चयनित खिलाड़ियों को व्हाटसएप, फोन आदि के माध्यम से सूचना विभाग की ओर से साझा कर दी गई है। अब उक्त खिलाड़ियों को खेल छात्रावास ऊना में 20 जून से पहले रिपोर्ट कर प्रवेश के लिए औपचारिकताओं को पूरा करना होगा। बता दें कि ऊना के खेल छात्रावास में प्रवेश के लिए वॉलीबाल और कुश्ती ट्रायल के छह मई और हॉकी व जूडो ट्रायल सात मई को संपन्न हुए थे। इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों को शारीरिक दक्षता एवं खेल के हुनर का प्रदर्शन करना पड़ा, जिसे परखने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कोच यहां मौजूद रहे। सभी मापदंडों पर खरा उतरने के बाद खिलाड़ियों की सूची बनाकर निदेशालय को भेजी गई, जबकि परिणाम घाेषित होने के बीच चुनाव प्रक्रिया आ गई। इस बीच परिणाम घोषित होने में काफी समय लग गया, जबकि एक माह बाद इस परिणाम को घोषित किया गया है। परिणाम के तहत ऊना में हॉकी में मौजूद सीटों पर 11, वालीबाल में 10 और कुश्ती के 11 तथा जूडो के दो खिलाड़ी चयनित किए गए हैं। चयनित खिलाड़ियों को अधिकारियों की ओर से फोन काॅल एवं व्हाटसएप पर मैसेज के माध्यम से पत्र साझा कर सूचित कर दिया गया है।
55 हुई खेल छात्रावास में खिलाड़ियों की संख्या
खेल छात्रावास ऊना में 34 नये खिलाड़ियों को प्रवेश का मौका मिला है। यहां छात्रावास में कुल 70 खिलाड़ियों के रहने की क्षमता है। फिलहाल 21 खिलाड़ी खेल छात्रावास ऊना में पहले से ही मौजूद हैं। यानी अब 34 नये खिलाड़ी आने के बाद कुल 55 खिलाड़ी यहां हो जाएंगे, जबकि आने वाले दिनों में 15 खिलाड़ी जूडो खेल में विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने एवं प्रतिभा के आधार पर चुने जाएंगे।
-
ऊना खेल छात्रावास में लड़कों की प्रवेश प्रक्रिया का परिणाम आ गया है। चयनित खिलाड़ियों को फोन पर सूचित कर दिया है। खिलाड़ियों को प्रमाणपत्रों सहित 20 जून से पहले छात्रावास में ज्वाइन करना होगा।
-उत्तम डोड, जिला खेल अधिकारी, युवा सेवा एवं खेल विभाग, ऊना
-
परिणाम बीते रोज घोषित कर दिया गया है। बकायदा जिला स्तर पर बैठे अधिकारियों से सूचना साझा कर दी गई है।
-संदीप कुमार, निदेशक, युवा सेवा एवं खेल विभाग, शिमला