ऊना। हरोली उपमंडल के बीटन क्षेत्र में इन दिनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस स्वास्थ्य केंद्र के लिए प्रदेश सरकार ने 3.69 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी की है। स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्र बीटन सहित आसपास के करीब 10 गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस दो मंजिला इमारत का निर्माण कार्य 788.82 वर्ग मीटर जमीन पर हो रहा है। ओपीडी, एक्स रे और लेबोरेटरी सहित कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जानकारी के अनुसार सीएचसी बीटन के भूतल पर 464 वर्ग मीटर जमीन पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। भूतल के निर्माण की प्रस्तावित योजना में यहां महिला व पुरुषों के लिए ओपीडी बनाई जाएगी। मरीजों के पंजीकरण के लिए भी एक कमरा तैयार किया गया है। इसके अलावा यहां पर एक एक्सरे रूम का निर्माण भी किया जाएगा। एक्सरे की सुविधा स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। दरअसल इस समय क्षेत्र के लोगों को एक्स रे की सुविधा के लिए हरोली अस्पताल या निजी लैब का रुख करना पड़ता है।
इसके अलावा भूतल पर दंत चिकित्सक के लिए भी एक ओपीडी तैयार की जाएगा। इसके लिए अलग एक प्रतीक्षालय भी तैयार किया जाएगा। भूतल पर फार्मासिस्ट के लिए भी कक्ष तैयार किया जाएगा। यहां स्टोर व रिकॉर्ड रूम, नर्सों का ड्यूटी रूम, पार्किंग और महिला-पुरुषों के लिए शौचालय की सुविधा भी रहेगी।
सीएचसी बीटन की पहली मंजिल पर रात के समय डॉक्टरों के ठहरने के लिए कमरे तैयार किए जाएंगे। यहां पर फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स के रुकने के लिए भी आवास तैयार किए जाएंगे।
24 घंटे मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
खास बात यह है कि सीएचसी बीटन के तैयार होने से क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इस समय क्षेत्र के लोगों को रात के समय आपातकाल में हरोली, ऊना या सीमा के साथ लगते पंजाब के अस्पताल का रुख करना पड़ता है।
एंबुलेंस की भी रहेगी सुविधा
सीएचसी में एंबुलेंस की सुविधा भी रहेगी। लोगों को देर रात के समय यातायात सुविधाओं के अभाव में परेशान नहीं होना पड़े। बता दें कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण क्षेत्र के गांवों में रात के समय लोगों के पास निजी वाहनों के अलावा आवाजाही का कोई साधन नहीं है। जिन लोगों के पास अपने वाहन नहीं है उन्हें रात के समय आपातकाल में काफी परेशानी होती है। सीएचसी बीटन में एंबुलेंस आने से इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
इन गांवों के लोग होंगे लाभान्वित
सीएचसी बीटन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ क्षेत्र के करीब 10 गांवों के सैकड़ों लोगों को पहुंचेगा। इन गांवों में बीटन के अलावा सिंगा, टाहलीवाल, बाथड़ी, पोलियां बीत, वालीवाल, कुठार बीत सहित कुछ अन्य गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा।
गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण लोगों के लिए एक बड़ी सौगात होगी। इस समय लोगों को निजी क्लीनिक व अस्पतालों में इलाज के लिए जाना पड़ता है। इसमें लोगों के काफी रुपये खर्च करने पड़ते हैं। लेकिन सीएचसी के निर्माण से लोगों को आर्थिक लाभ भी पहुंचेगा।
परमजीत
प्रधान, ग्राम पंचायत बीटन।
सीएचसी बीटन का निर्माण कार्य तेजी से चला हुआ है। पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण इसी साल के भीतर पूरा कर लिया जाए।
राजेश कुमार
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
प्रदेश सरकार स्वास्थ्य व शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की परियोजनाएं चला रही है। इसके तहत हरोली विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्य हो रहे हैं। सीएचसी बीटन क्षेत्र के लोगों की एक पुरानी मांग थी। इसपर काम जारी है और सीएचसी को जल्द ही तैयार कर लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।
प्रोफेसर राम कुमार
उपाध्यक्ष, प्रदेश उद्योग विकास निगम