संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बरसात में गिरि और अश्वनी पेयजल योजना में सिल्ट आने से शहर की सप्लाई तीन से चार दिन बाद हो रही है। इस कारण लोगों को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ रही है। जल शक्ति विभाग दोनों योजनाओं से पानी की लिफ्टिंग कर रहा है लेकिन नगर निगम के टैंकों में पूरा पानी ही नहीं पहुंच रहा है।
रविवार को जल शक्ति विभाग का दावा है कि मटमैला पानी होने के बावजूद 62 लाख लीटर पानी लिफ्ट कर शहर को दिया गया है। नगर निगम शहर के टैंकों में मात्र 54 लाख लीटर ही पानी पहुंचने का दावा कर रहा है।
इससे नगर निगम पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आठ लाख लीटर पानी का वितरण कहां हुआ। रविवार को भी जवाहर पार्क स्टोरेज टैंक से शहर के कई वार्डों में तीसरे दिन पानी की सप्लाई दी गई है।
शहर के टैंकों में गिरि और अश्वनी पेयजल योजना से सप्लाई होती है। बरसात के कारण दोनों ही योजनाओं में गाद की समस्या शुरू हो गई है। बीते दिनों भी गाद से गिरि योजना से पानी की लिफ्टिंग कम हो गई थी।
दो दिनों से हो रही बारिश के बाद भी अश्वनी और गिरि में गाद की समस्या आ रही है। रविवार को सुबह 8:00 से 4:00 बजे तक गिरि योजना से पानी की लिफ्टिंग नहीं हो पाई।
रविवार को अस्पताल, सनी साइड, मालरोड और बाजार में पानी की सप्लाई दी गई है। रोजाना 80 लाख लीटर पानी की जरूरत पड़ती है। रविवार दोपहर बाद तक मुख्य टैंकों में सिर्फ दो फीट पानी ही बचा था।
नहीं है कोई वैकल्पिक व्यवस्था
शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई के लिए कोई अतिरिक्त वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण भी लोगों को बारिश के मौसम में परेशानी झेलनी पड़ती है। यह समस्या लोगों को हर साल झेलनी पड़ती है लेकिन किसी भी राजनैतिक दल सहित सरकार इस समस्या का हल अभी तक नहीं कर पाई है। इसका खामियाजा आम लोगों को पेयजल संकट से झेलना पड़ता है। यदि इन योजनाओं में सिल्ट से निपटने के लिए कोई योजना बनती है तो लोगों को इससे सुविधा मिल सकती है।
छोटी योजनाओं से हो रही बेहतरीन सप्लाई
सोलन शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की प्यास बुझाने के लिए बनाई पेयजल योजनओं से अधिकतर ग्रामीणों को भरपूर पानी मिल रहा है। जल शक्ति विभाग पानी की लिफ्टिंग सुचारु रूप से कर रहा है। बड़ी योजनाओं के आस-पास मिट्टी की डपिंग होने से बरसात के दौरान सारा मलबा योजनाओं के पानी तक पहुंच जाता है। इस कारण पानी मटमैला हो जाता है।
पानी की करें किफायत
शहर को रविवार को करीब 54 लाख लीटर पानी दिया गया है। इससे शहर के कुछ एरिया में पानी वितरण हुआ है। सिल्ट आने से समस्या आई है। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे पानी का किफायत के साथ प्रयोग करें। पानी को व्यर्थ न बहाएं।
पूनम ग्रोवर, महापौर
नगर निगम
दोनों योजनाओं में सिल्ट की समस्या आ रही है लेकिन परकुलेशन वाल्व से पानी लिफ्ट किया जा रहा है। रविवार को 62 लाख लीटर पानी की लिफ्टिंग की गई है।
-ई. रविकांत शर्मा
अधीशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग, सोलन