पंजेहरा (सोलन)। चार पंचायतों को पेयजल मुहैया करवाने वाली डोलां पेयजल योजना पिछले चार दिनों से बंद पड़ी है। मस्तानपुरा के लोगों में जल शक्ति विभाग के प्रति आक्रोश है। योजना में पानी गंदा आने से विभाग ट्यूबवेल को साफ कर रहा है जिससे योजना बंद है।
पानी नहीं आने से लोग निजी टैंकर से खरीदकर पानी पी रहे हैं। मस्तानपुरा, डोलां, बेहली और खिल्लियां पंचायतों को पेयजल मुहैया करवाने वाली डोलां पेयजल योजना चार दिन से बंद है।
विभाग ने इस ट्यूबवेल को सफाई के लिए बंद किया है। योजना के बंद होने से 900 परिवार पानी के लिए भटक रहे हैं। मस्तानपुरा गांव के नंबरदार दाता राम ने बताया कि लोग अपने लिए टैंकर मंगा कर गुजारा कर रहे हैं लेकिन मवेशियों के लिए काफी दिक्कत आ रही है।
एक टैंकर 1200 रुपये में मिल रहा है जिससे गरीब लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। समाज सेवी जितेंद्र कुमार, बेहली के नंबरदार गुरचरण सिंह, पूर्व प्रधान पवन कुमार, पूर्व जिप सदस्य हरमेश, पूर्व प्रधान योगराज, केश्वानंद, रामलोक विजय कुमार, आज्ञा राम, सरवन कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से मटमैला आ रहा था। लोगों ने विभाग के अधिकारियों को सूचना दी लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब जब पंप ने काम करना बंद कर दिया तो विभाग नींद से जागा।
मस्तानपुरा, डोलां, बेहली और खिल्लियां पंचायतें के लोगों ने विभाग से मांग की है कि जब तक पेयजल योजना सुचारु नहीं होती, सिंचाई का ही पानी जोड़ दें जिससे लोगों की समस्या हल हो सके। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता पुनीत शर्मा ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। ट्यूबवेल की मरम्मत का कार्य चलने से दिक्कत आई है। शनिवार सायं तक योजना को सुचारु कर दिया जाएगा।