क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण नालागढ़ में बैठक 17 सितंबर को होगी
ट्रांसफर से संबंधित मामलों में दोनों पार्टियों का उपस्थित होना जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण नालागढ़ की बैठक 17 सितंबर को सुबह 11:30 बजे को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय नालागढ़ में निर्धारित की गई है। इसमें सभी वाहन मालिकों व संबंधित आवेदकों को जिनके आवेदन पर प्राधिकरण की ओर से निर्णय लिया जाना है वे अपना आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित आरटीओ कार्यालय में 16 अगस्त सायं 5:00 बजे तक प्रस्तुत कर सकेंगे। उसके बाद प्राप्त आवेदनों अथवा अपूर्ण आवेदनों को इस बैठक में शामिल नहीं किया जाएगा।
आरटीओ मदन शर्मा ने बताया कि बस परमिट व अन्य परमिटों के ट्रांसफर से संबंधित मामलों में दोनों पार्टियों का क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य होगा अन्यथा मामले में कोई भी निर्णय नहीं लिया जाएगा। नए प्रकाशित स्टेज कैरिज बस परमिटों के संबंध में प्राप्त आवेदनों के बारे में ड्रॉ ऑफ लॉट्स के दौरान आवेदक या उसकी ओर से अधिकृत व्यक्ति यदि उपस्थित नहीं होता है तो भी उसका आवेदन ड्रॉ ऑफ लॉट्स में शामिल किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में ट्रक यूनियन नालागढ़ को भी पत्र लिख कर अवगत करा दिया है।