सोलन। जिला मुख्यालय के एलआर कॉलेज में मोबाइल जैमर और वीडियोग्राफी के बीच 4171 अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा दी। परीक्षा के लिए चार हजार 206 को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी सुबह नौ बजे से सेंटर पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा दोपहर 12 बजे 120 परीक्षकों की कड़ी निगरानी में शुरू हुई। इसमें अध्यापक समेत पुलिस अधिकारी भी शामिल रहे। परीक्षा में जिले से 35 युवा गैरहाजिर रहे। परीक्षा केंद्र का अमर उजाला ने जायजा लिया।
पेश है लाइव रिपोर्ट :
रविवार सुबह नौ बजे एलआर शिक्षण संस्थान ओच्छघाट में पुलिस लिखित परीक्षा के लिए अभ्यर्थी बसों और अपने निजी वाहनों में पहुंचना शुरू हो गए हैं। 9:15 बजे तक परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया है। इस बीच हैंड सैनिटाइजर समेत युवाओं के मास्क की भी जांच की जा रही है। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक वस्तु को अंदर नहीं ले जाने दिया जा रहा है।
विज्ञापन
करीब 10 बजे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में एकत्रित कर उन्हें सीटिंग प्लान की जानकारी दी जा रही है। 11 बजे तक सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल के लिए भेजा जा रहा है। इस बीच मौके पर एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा सहित उनकी टीम भी परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है। ठीक 12 बजे परीक्षा शुरू हो गई। एक घंटे बाद सभी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहे हैं।
शांति से निपटी लिखित परीक्षा : एसपी
एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि लिखित परीक्षा में करीब 35 अभ्यर्थी गैर-हाजिर रहे हैं जबकि अन्य सभी ने परीक्षा दी है। परीक्षा कोविड एसओपी के तहत शांतिपूर्वक हुई है। इस बीच मोबाइल जैमर समेत वीडियोग्राफी के साथ कड़ी निगरानी में परीक्षा हुई है।