संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ बाजार में भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक वन-वे होगा। रोपड़ चौक से अस्पताल रोड होते हुए वाहन बाजार की ओर जाएंगे और कालका चौक से वापस निकलेंगे।
अस्पताल रोड पर भी ट्रैफिक वन-वे ही रहेगा। कोई भी दोपहिया वाहन चालक अपने बाइक बाजार में खड़ा नहीं करेगा। उनके लिए पार्किंग की व्यवस्था पुराने बस स्टैंड और पुराने छात्र स्कूल परिसर में की गई है।
यह निर्णय नालागढ़ के थाना प्रभारी श्यामलाल कौंडल ने नगर पार्षदों के साथ बैठक कर लिया है। इस दौरान नालागढ़ बाजार में अतिक्रमण हटाने पर अहम फैसले लिए गए।
बैठक में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थान चयनित करने का फैसला लिया गया। सभी पार्षद नप अध्यक्ष के साथ इसके लिए स्थान चयनित करेंगे और जिस पर थाना प्रभारी उसे अंतिम रूप देंगे।
थाना प्रभारी श्याम लाल कौंडल ने नप के पार्षदों से कहा कि वे सुनिश्चित करें कि रात्रि के दौरान व्यापार अधिक से अधिक चौकीदार रखें जिससे चोरी व अन्य लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगे।
बैठक के बाद थाना प्रभारी और नप के पार्षदों ने शहर के उन दुकानदारों के पास गए जिन्होंने अपना सामान बाजार की ओर निकाला है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे दो दिन के भीतर अतिक्रमण हटा लें अन्यथा सारा सामान जब्त कर लिया जाएगा।
इसके बाद थाना प्रभारी रोपड़ मार्ग पर बस स्टाप पर लगी रेहड़ी-फड़ी को हटाया जिससे बाजार में उतरने वाले यात्री आसानी से उतरे।
बैठक में नप अध्यक्ष रीना शर्मा, उपाध्यक्ष तारा अवस्थी, शालिनी शर्मा, वंदना बंसल, संजीव भारद्वाज, अलका वर्मा, अमरेंद्र भिंडर, सहर शर्मा और महेश गौतम ने भाग लिया।