सोलन के मुख्यबाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। वर्ष 2021 में कोविड महामारी से लगे लॉकडाउन से प्रभावित शहर के दुकानदारों का कारोबार 80 प्रतिशत तक पटरी पर लौट चुका है। सोमवार को शहर के मालरोड पर लंबा जाम लगा रहा। इस बीच शहर के बाजारों में भी पैर रखने की जगह तक नहीं रही।
त्योहारी सीजन के बाद खरीदारी के लिए रोजाना लोग पहुंच रहे हैं। हालांकि लोगों की भीड़ के बीच बिना मास्क घूमने का सिलसिला भी लंबे समय से जारी है। दिवाली पर एक सप्ताह के अवकाश के बाद सोमवार को विद्यार्थी भी कक्षाएं लगाने पहुंचे।
बाजारों में दिन-प्रतिदिन लोगों की बढ़ती भीड़ से व्यापारी काफी खुश नजर आ रहे हैं। कोविड महामारी के कारण इस वर्ष छाई मंदी से उबरने का सुनहरा अवसर मिला है। दशहरा, दीपावली, भैया दूज, करवा चौथ पर शहर में करोड़ों का कारोबार हुआ है।
मालरोड और मुख्य बाजार के व्यापारी रत्न सिंह, गौरव, आसिम, विवेक आनंद और सूरज ने कहा कि दुकानों पर अच्छी संख्या में ग्राहक पहुंच रहे हैं। इस वर्ष कोविड लॉकडाउन से प्रभावित दुकानदारों का कारोबार 80 प्रतिशत पटरी पर लौट चुका है। आने वाले समय में पिछले साल का घाटा पूरा होने की उम्मीद है।