बद्दी से गुम हुए बच्चों को महिला पुलिस टीम परिजनों को सौंपते हुए। संवाद
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। महिला पुलिस थाना बद्दी ने रास्ता भटके तीन बच्चों को खोजकर उनके परिजनों के हवाले किया। ये तीनों बच्चे वीरवार दोपहर बाद से लापता थे। पुलिस को तीनों बच्चों की गुमशुदगी की सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर महिला पुलिस थाना की अतिरिक्त प्रभारी कृष्णा देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया और व्यापक तलाशी ली। पुलिस ने जिला बद्दी में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसके परिणाम स्वरूप महिला पुलिस थाना की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गायब हुए तीनों बच्चों को गोल मार्केट बद्दी से ढूंढ निकाला है।
उधर, अतिरिक्त महिला थाना प्रभारी कृष्णा देवी ने बताया कि इन तीनों बच्चों के माता-पिता कंपनियों में काम करते हैं और ये बच्चे अकेले घर पर ही रहते थे। ये अपने कमरे से तो निकल आए, लेकिन वापस नहीं जा सके, जिसके चलते इनके परिजनों को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बच्चे रात के समय भी घूमते रहे। शुक्रवार को इन तीनों बच्चों को बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने महिला पुलिस थाना बद्दी की टीम की त्वरित और समय पर किए गए कुशल प्रयासों की सराहना की है।