तीन दानपात्रों को तोड़कर करीब 40 हजार की नकदी चुराई
चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में हुई है कैद
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के लक्कड़ बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने दानपात्र में रखी नकदी चुरा ली। घटना शुक्रवार देररात करीब 2:30 बजे की है। इस दौरान दो चोर छत की तरफ से मंदिर में लगे स्टील के दरवाजे को तोड़कर सीढि़यों से अंदर घुसे। यहां पर पर तीन दानपात्रों को तोड़कर उससे सारी नकदी चुरा ली। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। दोनों चोरों के चेहरे भी साफ दिखाई दे रहे हैं, जिससे अब जल्द उनके पकड़े जाने की उम्मीद है।
दुर्गा माता मंदिर समिति के अध्यक्ष देवकी नंदन गुप्ता ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से कुछ दिन बाद भंडारे का आयोजन किया जाना था। ऐसे में नवरात्रों के दौरान मंदिर में चढ़ाया गया सारा पैसा दानपात्रों में ही रखा था। उन्होंने बताया कि तीनों दान पात्रों में करीब 40 हजार रुपये की नकदी मौजूद थी, जिसे चोर उड़ाकर ले गए। बताया कि इससे पहले भी मंदिर में दो बार चोरी की घटना हो चुकी है। उन्होंने इसकी सूचना सिटी चौकी में दी है। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दे दी गई है ताकि चोरों को पकड़ा जा सके। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।