सोलन। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रॉम को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। जिला मुख्यालय के साथ लगते नौणी में 100 बिस्तरों का कोविड सेंटर खोला गया है। वहीं स्थिति को देखते हुए अस्थायी तौर पर बंद कोविड केयर सेंटरों को भी खोलने की योजना बनाई जा रही है।
इसी के साथ जिला स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी और पीएचसी में कोरोना वायरस से निपटने के लिए अलर्ट रहने के लिए कहा है। जल्द सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में स्वास्थ्य विभाग ने कोविड संकट के बीच आठ कोविड केयर सेंटर बनाए थे। इनमें नौणी, परवाणू, नालागढ़, दाड़लाघाट, सायरी, बद्दी और बरोटीवाला थे। दूसरी लहर का प्रकोप कम होने के बाद इन सेंटरों को बंद कर दिया गया था।
इस बीच सोलन में मेकशिफ्ट अस्पताल चल रहा था। कोरोना संक्रमित मरीजों को मेकशिफ्ट अस्पताल और एमएमयू भेजा जा रहा था। अब राधा स्वामी सत्संग भवन परिसर में चल रहा मेकशिफ्ट अस्पताल 30 नवंबर से बंद हो गया है। इसके बाद प्रशासन और जिला स्वास्थ्य विभाग को पुन: कोविड सेंटर खोलने पड़ रहे हैं। इनमें नौणी को सूचारु कर दिया है।
हालांकि वर्तमान में अधिकतर कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार होम आइसोलेशन में चला हुआ है। वर्तमान में बद्दी का एक मेकशिफ्ट अस्पताल और दो समर्पित कोविड अस्पताल जिसमें एमएमयू और ईएसआई अस्पताल काठा के जरिये जिला स्वास्थ्य विभाग इन रोगियों का उपचार कर रहा है।
क्षेत्रीय अस्पातल में आपात स्थिति के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में 13 बिस्तरों का फीवर वार्ड तैयार किया है। यहां पर ऑक्सीजन और कंसंट्रेटर की सुविधाएं रखी गई हैं।
उधर, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। इसी को देखते हुुए नौणी स्थित 100 बिस्तरों के कोविड सेंटर को खोला गया है। अन्य सेंटरों को खोलने के लिए बातचीत चल रही है। जिले के सीएचसी और पीएचसी में स्टाफ को अलर्ट किया है। दवाइयों की खेप और ऑक्सीजन की भी पूरी व्यवस्था कर दी गई है।