संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। चैत्र नवरात्रे शनिवार से शुरू हो रहे हैं। इसके लिए शूलिनी मंदिर को फूलों से सजाया गया है। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट मां के दर्शनों के लिए खुल जाएंगे। पहले दिन मंदिर में मां शैलपूत्री की पूजा की जाएगी। इसे लेकर मां शूलिनी मंदिर शुक्रवार को ही सजा दिया गया।
कोविड में राहत के बीच दो सालों के बाद पहली बार मां का दरबार श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा और प्रसाद भी चढ़ा सकेंगे। बिना मास्क मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा जबकि कोविड नियमों का पालन करवाने के लिए दो सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।
मंदिर में शनिवार से श्रद्धालु भजन-कीर्तन करेंगे। नौ दिनों तक मंदिर क्षेत्र में भीड़ लगी रहेगी। मंदिर परिसर के आसपास लगी दुकानों को माता की लाल चुनरी, प्रसाद, नारियल से सजा दिया गया है। दो साल से इनका कारोबार भी मंदा था लेकिन अब इसके बढ़ने के आसार हैं।
मां शूलिनी मंदिर के पुजारी रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि मंदिर में चैत्र नवरात्र की तैयारियां पूरी हैं। इस बार श्रद्धालु माता को प्रसाद चढ़ा सकेंगे। मंदिर दर्शनों के लिए खोल दिया गया है। मंदिर की परिक्रमा भी की जा सकेगी। बिना मास्क मंदिर के भीतर प्रवेश वर्जित रहेगा।