शहर के वार्ड नंबर-10 के एक निवासी का सोशल मीडिया पर आत्मदाह की इजाजत मांगने का वीडियो वायरल हो रहा है। उक्त व्यक्ति ने अपने परिवार के साथ वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री से आत्मदाह की अनुमति मांगी है। यह वीडियो वार्ड-10 निवासी का है।
उक्त व्यक्ति ने वीडियो में सदर पुलिस थाना के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने यहां पर पिछले वर्ष एक फ्लैट खरीदा था। उसके बाद उसके पड़ोस में एक अन्य परिवार ने भी फ्लैट खरीदा। उसका पड़ोसियों के साथ झगड़ा चल रहा है।
उसने अपने पड़ोसियों पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। उक्त व्यक्ति ने कह रहा है कि उसके पड़ोसी का बेटे ने उसकी पत्नी से कई बार अश्लील हरकतें और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
जब उन्होंने पुलिस थाना में शिकायत दी तो उन्हें न्याय नहीं मिला, उलटा पुलिस भी उन्हें डराने लगी। अब उसने वीडियो वायरल कर केंद्र और राज्य सरकार से अपनी जान देने की अनुमति की मांग की है।
एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार ने कहा कि उन्हें रविवार देर शाम वायरल वीडियो की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस मौके पर गई थी। उक्त व्यक्ति से बातचीत भी की गई। बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।