सोलन। बीते एक साल से नगर निगम कार्यालय में मात्र 90 किलो घरेलू हानिकारक कचरा जमा किया जा सका है। दो महीने पहले नगर निगम ने शहरवासियों के लिए एक अधिसूचना जारी कर लोगों से घर में पड़े पुराने फ्रिज, टीवी, पेंट के डिब्बे, बिजली उपकरण को कार्यालय में जमा करवाने के आदेश दिए थे।
अभी तक केवल 15 से 20 लोगों ने निगम का हानिकारक कचरा दिया है। शहर में गंदगी के साथ खुले में हानिकारक कचरा फेंका जा रहा था। नगर परिषद के समय भी इस मुहिम को शुरू किया लेकिन लोगों ने खास रुचि नहीं दिखाई।
नगर निगम बनने के बाद एक बार फिर से शुरू मुहिम को लोगों ने ठुकरा दिया है। शहर वासियों से हानिकारक कचरा एकत्र कर निगम चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी को बेचेगा।
उधर, नगर निगम आयुक्त एलआर वर्मा ने कहा कि अभी तक निगम कार्यालय में 90 किलो हानिकारक कचरा जमा किया गया है। लोगों में इसे लेकर ज्यादा रुचि नहीं देखी जा रही है।