संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश पेंशनर और वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की उपमंडलाधिकारी नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ में चिकित्सकों के रिक्त पदों, मिनी सचिवालय और नगर परिषद नालागढ़ के नजदीक संघ को कार्यालय के लिए कमरा उपलब्ध करवाने, पुराने बस अड्डे के पास रेन शेल्टर बनाने, शस्त्र लाइसेंस का उपमंडल स्तर पर भी नवीनीकरण करने, कोविड-19 महामारी के समय पथ परिवहन निगम के बंद पड़े बस रूटों को बहाल करने और नालागढ़ में बैंकों के माध्यम से ई-स्टांप पेपर उपलब्ध करवाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में कई सड़कों और संपर्क मार्गों की मरम्मत पर भी चर्चा हुई ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक संघ ने लोगों के और वरिष्ठ नागरिकों के हित की समस्याएं उठाई हैं।
इन समस्याओं को समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ नालागढ़ इकाई के प्रधान नरेश घई, उपप्रधान अंजना शर्मा, इंद्रजीत सिंह, जगातार सिंह राणा आदि मौजूद रहे।