संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी के भटोली में परिवहन विभाग के निरीक्षण और प्रमाणन सेंटर के निर्माण स्थल का सड़क परिवहन और राज मार्ग मंत्रालय के संयुक्त सचिव महमूद अहमद ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य सितंबर तक पूरा करने के आदेश दिए। इस सेंटर पर छह करोड़ में तैयार होगा।
बद्दी के भटोली कलां में परिवहन विभाग निरीक्षण एवं प्रमाणन सेंटर तैयार कर रहा है। इसमें वाहनों की पासिंग ऑटोमेटिक होगी। इस सेंटर में एक साथ चार गाड़ियों की पासिंग होगी।
इसमें दो बड़ी और दो छोटी शामिल हैं। वाहन चालकों को पासिंग करवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेेगा। सेंटर की नींव के समीप जमीन पर रखी कंपनियों की राख को हटाने के लिए संयुक्त सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि राख को जमीन में गड्ढा खोद कर दबाया जाए, उसके बाद जमीन को समतल किया जाए। उसके ऊपर शेड तैयार किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाएं और सितंबर तक भवन निर्माण पूरा करें।
इस मौके पर सहायक आयुक्त (तकनीकी) समीर दत्ता, रोड सेफ्टी सेल के डीएसपी अमरनाथ, आरटीओ प्रकाश चंद, एमवीआई पंकज, हिमांशु और नवीन ने भाग लिया।