सोलन। अब स्कूली बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ आग की घटनाओं को रोकने में भी मदद करेंगे। इसके लिए वे अपने घरों और आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों को जागरूक करेंगे। उन्हें वे आग से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताएंगे।
इससे पहले इन बच्चों को अग्निशमन विभाग इसके लिए तैयार करेगा। बच्चों के लिए स्कूलों में शुक्रवार से जागरूकता शिविर आयोजित कर दिए गए हैं। एक सप्ताह तक अलग-अलग स्कूलों में विभाग की टीमें जाकर बच्चों को आगजनी के बारे में जागरूक करेंगी।
जानकारी के अनुसार अग्निशमन सप्ताह का मुख्य आम नागरिकों, बच्चों को अग्निकांड से होने वाली क्षति के प्रति जागरूक करना और अग्निकांड को रोकने एवं अग्नि से बचाव के उपायों के संबंध में शिक्षित करना है। इसके साथ ही सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था, अग्निशामक उपकरणों का प्रयोग, आग की स्थिति में बचाव के उपाय, उत्पादकता क्षेत्र जैसे जंगल-जमीन उद्योगों में अग्नि सुरक्षा और सावधानियां, विद्युत अग्नि सुरक्षा और सावधानी बहुमंजिले भवनों में अग्नि सुरक्षा, विकलांग व्यक्तियों के लिए अग्नि सुरक्षा सहित अन्य के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इन बातों का ध्यान रखें लोग
फायर ऑफिसर कमलजीत सिंह ने विभाग की ओर से लोगों से अपील की है कि आग के प्रति सचेत रहें। खाना बनाने और घर छोड़ने के बाद यह सुनिश्चित करें कि गैस का रेगुलेटर और बिजली के सभी उपकरण बंद हैं। सावधानी के तौर पर जलती हुई बीड़ी सिगरेट और माचिस की तीली को लापरवाही से जंगल या घासनी के आसपास न फेंकें । जंगल की आग के कारण बहुत से जानवरों और रिहायशी मकानों को भी जलते देखा गया है। किसी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में घबराएं नहीं बल्कि अग्निशमन विभाग के टोल फ्री नंबर 101 पर तुरंत सूचना दें और घटना स्थल का सही-सही पता बताएं ताकि अग्निशमन विभाग के कर्मचारी उचित कार्रवाई करने के लिए सही पते पर सही समय पर पहुंच सकें।