बद्दी की पंखा कंपनी में लगी आग को बुझाते फायर कर्मी। संवाद
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित सानिया इंजीनियरिंग कंपनी में लगी आग पर 12 घंटे बाद फायरब्रिगेड ने काबू पा लिया। आग से डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ जबकि पांच करोड़ की संपत्ति को बचा लिया गया।
बद्दी के फेस-तीन स्थित पंखा बनाने वाली सानिया इंजीनियरिंग उद्योग में अचानक भड़की आग से कंपनी को भारी नुकसान हुआ। उद्योग में तैयार माल और कच्चा माल जलकर राख हो गए। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों समेत आठ गाड़ियां लगातार 12 घंटे तक काम करती रहीं।
बद्दी से तीन, नालागढ़ फायर ऑफिस से एक, अल्ट्राटेक, बिरला और वर्धमान से एक-एक गाड़ी आग बुझाने के लिए बुलाई गई। आग से कंपनी की केवल बिल्डिंग ही बची बाकी अब जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने कंपनी के साथ लगती पांच फैक्टरियां जलने से बचाईं।
फायर अफसर कुलदीप ठाकुर ने बताया कि फायरब्रिगेड ने शनिवार सुबह छह बजे तक आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि बद्दी फायर ब्रिगेड ने काफी अच्छा कार्य किया जिससे साथ लगती कंपनियों को सुरक्षित बचा लिया गया।