संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। वीकेंड पर जिले के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए। तीन दिनों की छुट्टियां मनाने और गर्मी से बचने के लिए सैलानी कसौली, चायल और बड़ोग में हजारों की संख्या में पहुंचे। शनिवार शाम तक तीनों पर्यटक स्थलों पर सभी होटल पैक हो गए थे।
दो दिनों तक होटलों में बुकिंग हो चुकी है। मैदानी राज्यों में गर्मियां के बढ़ने से सैलानियों की आवाजाही काफी बढ़ी है। शनिवार को प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू में वाहनों की लंबी कतारें लगी रही।
कालका-शिमला एनएच पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। एनएच पर वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। सुबह पांच से शाम पांच बजे तक कालका-शिमला एनएच पर 7100 वाहनों ने प्रदेश में प्रवेश किया जबकि 3155 वाहन चंडीगढ़ की तरफ गए हैं।
जानकारी के अनुसार कालका-शिमला एनएच से शनिवार को सटे छोटे-बड़े होटलों में पर्यटकों की काफी संख्या देखी गई। पर्यटकों की आवाजाही शुरू होने से होटल कारोबारियों ने राहत की सांस ली हैं।
वीकेंड से पहले ही होटलों में शनिवार, रविवार और सोमवार के लिए बुकिंग शुरू हो गई थी। शनिवार को चायल और कसौली के होटल पैक रहे जबकि सामान्य दिनों में पर्यटकों की आवाजाही कम है। आम दिनों में होटलों में 50 से 60 फीसदी पैक रहते हैं। हालांकि वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही खासी बढ़ रही है।
चायल, कसौली समेत बड़ोग में करीब 140 होटल हैं। होटलों में पर्यटकों की चहल-पहल से कारोबारी भी खुश हैं। पर्यटक कसौली, चायल, बड़ोग सहित शिमला और कुफरी के लिए रवाना हो रहे हैं।
उधर, चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने कहा कि वीकेंड पर होटल 100 प्रतिशत बुक हैं। सोमवार तक होटलों में बुकिंग हो चुकी है।