Food safety deptt collects samples of Paneer sweets Ghee heeng and 13 edible items from Solan and Nalagarh
सोलन/नालागढ़। त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग लोगों की सेहत को लेकर अलर्ट हो गया है। जिले के बाजारों से विभाग ने 13 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं। सोलन, नालागढ़, मानपुरा में मिठाई की दुकानों और जरनल स्टोर में छापे मार सैंपल भरे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग इन्हें जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट और मोहाली भेजेगा जहां से 15 दिनों के बाद विभाग के पास रिपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद ही विभाग आगामी कार्रवाई करेगा। बाहरी राज्यों से आने वाली मिठाइयों पर भी विभाग की पैनी नजर है।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले से पनीर, खोया, पेड़ा, देसी घी, हींग, आटा बिस्कुट, चायपत्ती, धनिया पाउडर, बेबी फूड, जूस, वनस्पति घी, हल्दी व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं।
त्योहारी सीजन के लिए विभाग की टीमें तैनात हैं। बुधवार को नालागढ़ में जैसे ही लोगों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी के आने की भनक लगी, लोगों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। दोपहर बाद अधिकारियों के जाने के बाद ही दुकानें खोली गईं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि लोगों की सुरक्षा के लिए विभाग की टीमें गठित हो गई हैं। रोजाना जिले से मिठाइयों समेत अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे है। त्योहारों को लेकर 13 सैंपल भरे हैं।