Factory worker died after falling from the roof of third floor in Bhatoli Kalaan
बद्दी (सोलन)। बद्दी के भटोली कलां स्थित फेविकोल बनाने वाली पीडीलाइट कंपनी में एक तीन मंजिला भवन की छत से गिरकर कामगार की मौत हो गई। मृतक कामगार मध्य प्रदेश के जिला दमोह के मडियादो गांव का रहने वाला था। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
भटोली कलां स्थित पिडिलाइट कंपनी में कामगार तीसरी मंजिल की छत पर खाना खा रहे थे। कामगारों का कहना है कि कैंटीन में मात्र दो ही टेबल होने से कामगार छत पर खाना खाने जाते हैं। सभी लोग खाना खाने के बाद वापस लौट गए थे लेकिन कामगार कमलेश विश्वकर्मा (30) पुत्र घसीटा राम छत पर ही खाना खा रहा था। अचानक वह छत पर से गिर गया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई है।
भारतीय मजदूर संघ के जिला महामंत्री राजू भारद्वाज ने कंपनी संचालकों से मृतक कामगार के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। कैंटीन में कामगारों को बैठने की उचित व्यवस्था की जाए जिससे कामगारों को खाना खाने के लिए छत पर न जाना पड़े।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि कामगार तीन माह पहले ही अपने गांव से बद्दी आया था। बद्दी में अपनी मां के साथ रहता था। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए उसके मामा राधेश्याम को सौंप दिया है।