Parvanoo MC plans to reduce property tax
परवाणू(सोलन)। नगर परिषद परवाणू के तहत प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर लोगों की आपत्तियों को देख इस पर दोबारा मंथन करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय नगर परिषद परवाणू की मासिक बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता नप अध्यक्ष निशा शर्मा ने की।
बैठक में गत माह नगर परिषद के किए व्यय का भी अवलोकन किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि परवाणू के सेक्टर-2 में बिल्डिंग गिरने के हादसे में राहत कार्यों में दिन-रात सहयोग करने वाले सफाई कर्मियों और स्टाफ को इन्सेंटिव देकर सम्मानित किया जाए।
नगर परिषद अध्यक्ष निशा शर्मा ने बताया कि बैठक में नगर की सफाई और बिजली व्यवस्था को सुचारु करने के लिए निर्णय लिए गए। वहीं सफाई ठेके को आगामी साल तक बढ़ाने का निर्णय भी लिया गया। शहर से जुड़े विकास कार्यों की डीपीआर भी जल्द उच्चाधिकारियों को भेजने का निर्णय भी लिया गया।
इस मौके पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष व पार्षद डेजी ठाकुर, नप उपाध्यक्ष सोनिया शर्मा, कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार, पार्षद ठाकुर दास शर्मा, लखविंद्र सिंह, किरण चौहान, मोनिशा शर्मा, रणजीत सिंह, मनोनीत पार्षद विनोद ठाकुर, राम ध्यान सिंह और विनीत गोयल मौजूद रहे।