141 निजी अस्पतालों में मिल रहा था लोगों को फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। भाजपा जिला अध्यक्ष रत्न सिंह पाल ने कहा कि जिले में वर्तमान सरकार द्वारा 200 कार्यालय बंद करने के बाद अब हिमकेयर योजना को निजी अस्पतालों में बंद करवाना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह हिमाचल के गरीब आदमी के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना शुरू करने के बाद प्रदेश का जो अन्य वर्ग था उनको कैशलेस इलाज देने के लिए हिमकेयर योजना को लागू किया था। लेकिन जिस प्रकार वर्तमान सरकार ने इस योजना को निजी अस्पतालों में बंद किया उससे साफ जाहिर हो गया कि यह सरकार जन और कर्मचारी विरोधी है।
उन्होंने कहा कि यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शुरू की थी, इसलिए कांग्रेस इसे बंद कर रही है। वर्तमान में हिमाचल और बाहरी राज्यों के 292 अस्पतालों में हिमकेयर कार्ड की सुविधा दी जा रही थी और इनमें 141 निजी अस्पताल थे। अब भी राज्य सरकार के ऊपर करीब 370 करोड़ की देनदारी है। कहा कि अब यह सरकार कार्यालयों और योजनाओं को बंद करने वाली सरकार के नाम से जानी जाएगी।