दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर दो सगे भाइयों का झगड़ा पुलिस तक पहुंच गया। मौका खुशी का था, लेकिन दोनों भाइयों के बीच पटाखे चलाने को लेकर तकरार हो गई। दीपावली की रात बड़े भाई ने छोटे भाई पर मारपीट करने का मुकदमा जोगो पुलिस चौकी में दर्ज करवाया है। दोनों भाइयों में पटाखे चलाने को लेकर बहस इतनी बढ़ गई कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर बड़े भाई को मुक्का रसीद कर दिया। इससे बड़े भाई के तीन दांत टूट गए। मामला कश्मीरपुर गांव का है।
दीपावली की रात खाना खाने के बाद 37 वर्षीय सुभाष अपने घर के आंगन में पटाखे फोड़ रहा था। बड़े भाई सतीश उम्र 50 ने बच्चों के डर का हवाला देते हुए पटाखे नहीं फोड़ने को कहा। इसी बात को लेकर सुभाष अपने बड़े भाई से मारपीट करने लगा। एसपी बद्दी बशेर सिंह ने कहा कि मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का मेडिकल करवा दिया गया है, जांच जारी है।