बद्दी के शीतपुर गांव के समीप सरसा नदी में दिन के समय खनन करते हुए दो ट्रैक्टर संचालक। संवाद
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। बद्दी के साथ लगती सरसा खड्ड में दिनदहाड़े माफिया खनन को अंजाम दे रहा है। अब बद्दी पुलिस अवैध खनन पर सख्त हो गई है। पुलिस ने अब अवैध खनन पर चालान के बजाय सीधे मामला दर्ज करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे पुल के साथ लगती खड्ड में दो ट्रैक्टर संचालक खनन सामग्री भर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरसा खड्ड का जलस्तर पर पहले इतना ऊंचा था कि किशनपुरा के समीप बनाई कूहल में साल भर पानी रहता था। अब नदी का स्तर नीचे जाने से यहां हर साल पानी जोड़ने के लिए बांध बनाना पड़ता है।
डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि जो लोग खनन कर रहे हैं, अभी तक चालान होते थे लेकिन अब सीधे मामले दर्ज होंगे। उन्होंने सूचना मिलते ही मौके पर टीम भेज दी। जिला खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा ने बताया कि खनन निरीक्षक को बताया गया है। खनन पर कार्रवाई की जाएगी।