सोलन/अर्की। उपचुनाव के लिए काउंट डाउन शुरू होते ही जिले के अर्की हलके में सियासत पूरी तरह से गरमा गई है। प्रदेश हाईकमान के संभावित प्रत्याशियों की सूची मांगने के बाद अर्की ब्लॉक कांग्रेस ने राजेंद्र ठाकुर के नाम की अनुशंसा की है। दूसरी तरफ पूर्व में कांग्रेस से चुनाव लड़ चुके संजय अवस्थी भी टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं। देखना यह है कि प्रदेश हाईकमान ब्लॉक से अनुशंसित नाम पर विचार करती है या फिर कोई और निर्णय लेती है।
जानकारी के अनुसार अर्की ब्लॉक कांग्रेस की बैठक शुक्रवार को ब्लॉक अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें ब्लॉक ने एकमात्र राजेंद्र ठाकुर का नाम कांग्रेस हाईकमान को भेजा। हालांकि अभी इस पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को फैसला लेना है। इसे लेकर शनिवार को शिमला स्थित राजीव गांधी भवन में कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों की टिकट आवंटन को लेकर चर्चा होगी।
बैठक में लगभग सभी विधानसभा सहित मंडी लोकसभा क्षेत्र को लेकर मंथन किया जाएगा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस ने केवल राजेंद्र ठाकुर का नाम प्रस्तावित किया है। उधर, कांग्रेस प्रदेश महासचिव संजय अवस्थी ने कहा कि उन्हें हाईकमान पर पूरा भरोसा है। वह टिकट के दावेदारों में हैं। हाईकमान का हर फैसला स्वीकार्य होगा।