दाखिले के नाम पर धर्मपुर के युवक से की थी ठगी
हरियाणा के अंबाला का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने कोर्ट में किया पेश, तीन दिन की मिली रिमांड
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुलिस ने धर्मपुर के एक युवक से छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में हरियाणा के अंबाला से आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार बीते 15 नवंबर को एक महिला ने थाना धर्मपुर में शिकायत दी कि उनके बेटे देवेश दत्ता ने जुलाई 2024 में एक निजी यूनिवर्सिटी की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद इनके बेटे को 8 जुलाई को निजी अकादमी, जो कि लाजपत नगर नई दिल्ली के अधीन है, से इंटरव्यू के लिए ईमेल मिली। इंटरव्यू के बाद बेटे को चेन्नई में प्रशिक्षण के लिए सीट आवंटित की गई। बेटे देवेश ने वहां पर एडमिशन लिया। इसी दौरान अकादमी के निदेशक सिद्धार्थ ने देवेश के कोर्स/प्रशिक्षण के लिए 3,50,000 रुपये अग्रिम फीस के तौर पर मांगे जो इन्होंने अदा कर दिए।
सिद्धार्थ के कहने पर इन्होंने फीस और अन्य खर्च के लिए 6,52,500 रुपये दिए गए। दो माह बाद कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि उन्हें फीस नहीं मिली है। इस पर उन्होंने सिद्धार्थ से फोन पर संपर्क किया तो सिद्धार्थ ने सिर्फ 50,000 रुपये ही कॉलेज प्रबंधन को अदा किए जबकि बकाया फीस अदा नहीं की। इसके बाद सिद्धार्थ ने अपना फोन बंद कर दिया। इस प्रकार सिद्धार्थ ने इनके साथ करीब छह लाख रुपयों की धोखाधड़ी की और फरार हो गया। इस पर मामले में धर्मपुर पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ को अंबाला से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत से तीन दिन पुलिस रिमांड मिली है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।