बद्दी(सोलन)। यूएस से कीमती उपहार भेजने के चक्कर में बद्दी के सराजमाजरा में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला से 7 लाख 26 हजार रुपये ऐंठने के मामले में पकड़े गए दो नाईजीरियन समेत तीन लोगों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, इस दौरान आरोपियों से अन्य ठगी के मामलों में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार सिरमौर के पच्छाद की रहने वाली एक महिला बद्दी से सराज माजरा में किराये के मकान में रहती थी। यूएस से एक फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार करने के बाद एक व्यक्ति उससे लगातार चैटिंग करने लग गया था। उसने उसे कई करोड़ों के गिफ्ट भेजने की बात कही।
यह सब मामला फेक आईडी पर हुआ। किसी दूसरी फेक आईडी से कस्टम विभाग के अधिकारी को दिखाया गया और कस्टम ड्यूटी के नाम पर उक्त महिला से पार्सल छुड़वाने का लालच देकर सात लाख 26 हजार रुपये ऐंठ लिए। बाद में सिम बंद कर दी। महिला के बयान पर बद्दी पुलिस ने 11 जून को यह मामला दर्ज किया। इस मामले में 10 जुलाई को बद्दी पुलिस ने एक नाईजीरियन समेत तीन लोग गिरफ्तार किए थे, जो न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस ने इस मामले में दो नाईजीरियन निवासियों समेत तीन लोग और पकड़े हैं। पुलिस ने नाईजीरियन ओकेके हरनुना (35), प्रिंस मार्टिन (39) तथा बिहार राज्य के अमलेश सिंह को गिरफ्तार किया। अमलेश सिंह सिम बेचने का कार्य करता है। मंगलवार को इन तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले में पुलिस ने तीन लोग को दस जुलाई को पकड़ लिया था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। डीएसपी विवेक चहल ने बताया कि धोखाधड़ी के मामलेे में पकड़े गए दो नाईजीरियन समेत तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।