परवाणू में क्रिसमस को लेकर बाहरी राज्यों से पहुंच रहे वाहनों की तलाशी लेते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। क्रिसमस को लेकर बाहरी राज्यों से भारी संख्या में लोग पर्यटक स्थल शिमला, कुफरी, चायल और कसौली का रुख कर रहे हैं। जिसके तहत एनएच कालका-शिमला पर भी वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है।
सामान्य दिनों में एनएच से करीब साढ़े चार हजार वाहनों का प्रवेश हो रहा है। क्रिसमस से एक दिन पूर्व शुक्रवार को एनएच पर वाहनों की संख्या एकाएक बढ़ गई है। शाम पांच बजे तक 9964 छोटे वाहनों ने कालका-शिमला एनएच से आवाजाही की। सबसे अधिक संख्या प्रदेश में प्रवेश की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार क्रिसमस को लेकर कालका-शिमला एनएच पर जाम से निपटने और सुरक्षा के लिए नौ जोन बनाए हैं जहां पर पुलिस टीमें तैनात हैं। इस कारण इस बार एनएच पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने के बाद भी जाम की समस्या पेश नहीं आई है।
इसके अलावा पर्यटक स्थल कसौली, बड़ोग और चायल में अतिरिक्त पुलिस टीमें तैनात हैं। एनएच समेत अन्य पर्यटक वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग भी कर रही है।
वहीं इस बार प्रदेश के पर्यटक स्थलों तक पहुंचने के लिए एनएच पर सफर भी आरामदायक हो गया है। फोरलेन का प्रथम चरण का कार्य 95 प्रतिशत पूरा हो गया है। इससे पर्यटक प्रदेश में आने के लिए परवाणू प्रवेश द्वार के बाद टोल बैरियर के पास ही ब्रेक लगा रहे हैं।
उधर, एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एनएच समेत पर्यटक क्षेत्रों में पुलिस गश्त कर रही है। सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है।