शिलाई (सिरमौर)। शिक्षा खंड बकरास की राजकीय प्राथमिक पाठशाला पाब-3 की तस्वीर जन सहयोग से बदल गई है, जो एक आदर्श विद्यालय बनने की राह पर अग्रसर है। यहां भरपूर जनसहयोग, पंचायत और शिक्षा विभाग की बदौलत ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय में शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस पाठशाला के लिए स्थानीय लोगों ने प्रार्थना मंच, ड्रम सैट दान किया। पुराने भवन के दो कमरों की छत डालने में ग्रामीणों ने श्रमदान किया। खेल मैदान में हरी घास उगाई गई है। खेल के लिए आवश्यक सामग्री भी यहां उपलब्ध है। पाठशाला की चहारदीवारी के साथ तरह-तरह के सुंदर फूल व गमले हैं। दीवारों पर सुंदर, आकर्षक और शिक्षाप्रद चित्रकारी की गई है जो पठन-पाठन को रोचक बना रही हैं। इसका असर ये हुआ कि बच्चे अब स्कूल आने और पढ़ाई में अधिक रुचि लेने लगे हैं और यहां बच्चों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है।
क्यारी गुंडाह पंचायत की प्रधान स्नेह लता ने स्कूल में शौचालय बनाने का कार्य आरंभ करवाया है। जिला परियोजना अधिकारी ऋषिपाल शर्मा ने स्कूल को फोन हमारा गरीब का सहारा कार्यक्रम के तहत तीन स्मार्ट फोन भेंट किए। समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूल को कंप्यूटर सिस्टम मिला है, जिससे तकनीकी शिक्षा व स्मार्ट शिक्षा में बच्चों को मदद मिल रही है।
स्कूल प्रभारी खतरी तोमर ने विद्यालय को मिलने वाली ग्रांट का एसएमसी के मार्गदर्शन में सही इस्तेमाल करके विद्यालय को स्मार्ट एलईडी के साथ-साथ दीवारों को सुंदर, आकर्षक और शिक्षाप्रद चित्रकारी से सजाया है। बैठने के लिए डेस्क, टैढ़ी वियर, कुर्सियां, प्री-प्राइमरी खिलौना कक्ष की सुविधा भी उपलब्ध है।
विद्यालय के प्रभारी खतरी तोमर ने कहा कि यह सब एसएमसी, ग्रामवासियों व उच्च अधिकारियों के सहयोग से संभव हुआ है। बच्चे अब पढ़ाई में अधिक रुचि ले रहे हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों, पंचायत प्रधान स्नेह लता, एसएमसी अध्यक्ष खेवटा राम, केदिया राम, दलीप सिंह, रणदीप सिंह, रक्षा देवी, किरण देवी, जगपाल और अनिल कुमार आदि का आभार जताया है।