राज्य सहकारी बैंक की खैरी शाखा ने डिम्बर गांव में लगाया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राज्य सहकारी बैंक की खैरी शाखा ने डिम्बर गांव में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इसमें जीएसएसएस शिरगुल सोसायटी के सचिव अनुज परमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। शिविर में शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार ने स्थानीय ग्रामीण महिलाओं को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना आदि शामिल रहे।
उन्होंने विभिन्न बचत योजनाओं जैसे महिला सशक्तीकरण ऋण योजना, सपनों का संचय योजना (छात्रों के लिए), किसान क्रेडिट कार्ड, हिम स्वरोजगार क्रेडिट कार्ड, जेएलजी, एसएचजी, गृह ऋण व विभिन्न बीमा योजनाओं की जानकारी भी दी।
शाखा सहायिका किरण ने ग्रामीणों को मोबाइल बैंकिंग व एटीएम संबंधित सावधानियां बरतने के बारे में भी सचेत किया। उन्होंने महिलाओं से अपने एटीएम संबंधित जानकारी किसी से भी साझा न करने और डिजिटल बैंकिंग का उचित लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से बैंक से जुड़कर छोटी-छोटी बचत करने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर भारी संख्या में महिलाएं एवं अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
संवाद