हिमाचल-हरियाणा सीमा पर बहराल नाके पर पकड़ी गई शराब के साथ दबोचे दो आरोपी। -संवाद
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा पुलिस ने नाके के दौरान बिना लाइसेंस के शराब की खेप बरामद की है। कार से शराब हरियाणा के यमुनानगर से हिमाचल पहुंचाई जा रही थी। जांच के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे से शराब की 84 बोतलें बरामद की गईं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने बहराल में कानून व्यवस्था व यातायात जांच को लेकर नाका लगाया था। इस दौरान वाहनों की जांच भी हो रही थी। इस बीच एक सेंट्रो कार हरियाणा के यमुनानगर की तरफ से पांवटा साहिब की तरफ पहुंची। कार में दो लोग सवार थे। वाहन रुकवाने पर कार चालक ने अपना नाम प्रिंस व साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम गुरमीत सिंह बताया।
वाहन को चैक करने पर पिछली सीट पर शराब की बोतलें खुली पड़ीं थीं। नाके पर तैनात एचएससी मोहन लाल ने चैक पोस्ट पर जांच के बाद कार चालक प्रिंस व गुरमीत सिंह से इस शराब का परमिट मांगा। कार सवार कोई परमिट व पास पेश नहीं कर सके।
इसके बाद सब इंस्पेक्टर यादेश कुमार व आरक्षी विक्की शर्मा, जगपाल सिंह, रोशन लाल, अनिल कुमार व सुखवीर सिंह की टीम ने दोनों आरोपियों को प्रिंस (33) निवासी गांव भूंगरनी व गुरमीत सिंह(46) निवासी बरोटीवाला डॉ. शिवपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।