भरोग बनेड़ी स्कूल में एक अन्य फुटब्रिज को मौके पर तुड़वाते उपनिदेशक उच्च शिक्षा करमचंद।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। धारटीधार इलाके की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरोग बनेड़ी में हुए हादसे के बाद शुक्रवार को विभाग के उच्चाधिकारियों ने दौरा किया। इस दौरान उच्च शिक्षा उपनिदेशक कर्मचंद एवं प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक दयाराम ने टूटे स्लैब (फुटब्रिज)की तकनीकी टीम के साथ जांच की।
इस दौरान अधिकारियों ने स्कूल में क्षतिग्रस्त फुटब्रिज और मौके पर तोड़े गए एक अन्य रास्ते के स्थान पर लोहे के फुटब्रिज तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही हैरानी भी जताई कि इतनी जल्द स्लैब टूटने की क्या वजह रही। टीम ने पाया कि स्कूल की दूसरी मंजिल से खेल मैदान को जाने के लिए 2005 में फुटब्रिज बनाया गया था, जो 16 साल में ही गत वीरवार को क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में स्कूल के पांच बच्चे घायल हुए, जिनमें तीन बच्चों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती किया गया जहां बच्चों की हालत अब स्थिर है। इनमें से एक बच्चे को छुट्टी दे दी गई है। दो अस्पताल में उपचाराधीन है। फिर भी इस हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसको लेकर दोनों शिक्षा उपनिदेशकों ने शुक्रवार को तकनीकी टीम के साथ स्कूल का दौरा किया। इस दौरान सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना अधिकारी ऋषिपाल, कनिष्ठ अभियंता तपेंद्र सिंह एवं ड्रॉफ्टसमैन अर्चना भी मौजूद रहीं। टीम ने स्कूल स्टाफ एवं एसएमसी के साथ बैठक की जहां एसएमसी ने क्षतिग्रस्त हुए फुटब्रिज और खस्ताहाल कमरों को लेकर चर्चा की। टीम ने पाया कि क्षतिग्रस्त हुआ फुटब्रिज आठ फीट लंबा एवं तीन फीट चौड़ा था जिसमें सरिये का इस्तेमाल भी किया गया। इसके बावजूद भी यह क्षतिग्रस्त हो गया।
टीम इसके टूटने के कारणों की जांच कर रही है। इसी दौरान स्कूल में बने दूसरे फुटब्रिज को भी अधिकारियों ने मौके पर भी तुड़वा दिया ताकि कोई हादसा न हो। साथ ही स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि इन दोनों के स्थान पर जल्द दूसरे फुटब्रिज बनाए जाएं।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक सिरमौर कर्मचंद ने बताया कि तकनीकी टीम के साथ स्कूल का दौरा किया गया है। फुटब्रिज टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दूसरे फुटब्रिज को भी मौके पर ही तुड़वाया गया है। उन्होंने बताया कि इनके स्थान पर जल्द लोहे के एंगल से फुटब्रिज तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं।