पांवटा साहिब में शरारती तत्वों की ओर से हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर तोड़ी गई साईं बाबा की मूर्ति।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश राज्य सीमा पर एनएच किनारे बने विश्वकर्मा मंदिर में घुसकर अज्ञात शरारती तत्वों ने श्री साईं बाबा की मूर्ति को खंडित कर दिया है। शरारती तत्वों की इस बेहूदा हरकत से क्षेत्र के साईं भक्तों में काफी नाराजगी व्याप्त है। साईं भक्तों ने शरारती तत्वों के खिलाफ अविलंब सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साईं भक्तों विनय पुरी, नीरज बाली, स्वाति, भावना और साई कृति ने बताया कि शहर में पिछले कई दिनों से साईं बाबा की मूर्ति के खिलाफ सोशल मीडिया पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी के चलते शरारती तत्वों ने मंदिर परिसर में स्थापित मूर्ति को तोड़ दिया जिससे उनमें और दूसरे साईं भक्तों में भारी रोष है।
उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना को शरारती तत्वों ने शाम पांच बजे के करीब अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर कर्मचारियों, मजदूरों से पूछताछ और सीसीटीवी कैमरों की फुटैज की जांच की जा सकती है। इससे शरारती तत्वों का पता चल सकता है। उन्होंने कहा कि पांवटा पुलिस थाने में धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत दर्ज करवाई है जिसके माध्यम से साईं भक्तों ने कहा कि अज्ञात शरारती तत्व इलाके का सौहार्दपूर्ण माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों की तुरंत पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। अन्यथा साईं भक्तों को सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने बताया कि शिकायत मिली है। इस मामले की तत्काल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।