मॉडल प्राथमिक स्कूल में बनाए गए मॉडल पोलिंग बूथ स्थापित करने के बाद कामकाज में जुटे कर्मचारी। सं?
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से शुक्रवार को शेष 178 पोलिंग पार्टियां भी इतने ही पोलिंग बूथों के लिए रवाना हुई। जबकि गत दिवस वीरवार को जिले के संबंधित उपमंडलों से उपमंडाधिकारी की देखरेख में 385 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं थी। शुक्रवार शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां अपने बूथों पर पहुंच गईं, जिन्होंने मतदान प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कीं। शनिवार को जिले के कुल 563 पोलिंग बूथों पर इतनी ही संख्या में पोलिंग पार्टियां मतदान प्रक्रिया को संपन्न करवाएंगी।
दरअसल जिले में 413 साधारण पोलिंग बूथ केंद्र होंगे। 103 पोलिंग बूथ संवेदनशील तो 47 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील श्रेणी के होंगे। उत्तराखंड व हरियाणा राज्य के साथ सटे पांवटा साहिब विस क्षेत्र में सबसे अधिक 20 अति संवेदनशील पोलिंग बूथ है। जबकि हरियाणा की सीमा के साथ लगते नाहन विधानसभा क्षेत्र में भी 19 अति संवेदनशील पोलिंग बूथ होंगे। इसके अलावा शिलाई में 5 और श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में 3 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल हैं।
पच्छाद में कोई भी बूथ इस श्रेणी में शामिल नहीं हैं। इसी तरह पांवटा साहिब में 46, नाहन में 27, पच्छाद, श्री रेणुका जी में 12-12 और शिलाई में 6 पोलिंग बूथ संवेदनशील हैं। संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।
.......
2700 कर्मचारी करवाएंगे मतदान प्रक्रिया संपन्न
जिला सिरमौर के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया को संपन्न करवाने का जिम्मा करीब 2700 कर्मचारियों के हवाले होगा। इसके अलावा 55 सेक्टर ऑफिसर भी चुनावी ड्यूटी पर रहेंगे। इसमें पच्छाद में 13, नाहन, श्री रेणुका जी 12-12, शिलाई में 10 व पांवटा साहिब में 8 सेक्टर ऑफिसर शामिल हैं। वहीं जिले में 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी इस समयावधि में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसमें पच्छाद, नाहन, पांवटा साहिब व शिलाई में 2-2 व श्री रेणुका जी में 4 सेक्टर मजिस्ट्रेज शामिल हैं।
शमशेर स्कूल नाहन में बनाए गए महिला पोलिंग बूथ पर तैयारियां में जुटीं महिला कर्मचारी। संवाद- फोटो : NAHAN