आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री प्राइमरी स्कूलों के 24 बच्चों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी शिलाई (सिरमौर)। बाल विकास परियोजना शिलाई के तहत ग्राम पंचायत कोटापाब में समर मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के सात आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री प्राइमरी स्कूलों के करीब 24 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक, भाषाई और भावनात्मक विकास को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के स्वागत एवं पंजीकरण से हुई। शारीरिक विकास के लिए बच्चों को रस्सी पर चलना, रस्सी कूद और मेंढक दौड़ जैसी गतिविधियों को किया गया। वहीं बौद्धिक विकास के लिए पेपर से पंखा और जहाज बनाना, रंगों की पहचान, अक्षर ज्ञान तथा विभिन्न आकृतियों की पहचान से संबंधित गतिविधियां करवाई गईं। बच्चों को अक्षरों और शब्दों की पहचान भी करवाई गई।
गणितीय ज्ञान को विकसित करने के लिए त्रिभुज, षट्कोण, आयत और वर्ग जैसी आकृतियों की पहचान, गिनती और अक्षर ज्ञान से जुड़े अभ्यास करवाए गए। भाषा विकास के लिए कविता पाठ, खेल और कहानी सुनाने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। सीडीपीओ गीता सिंगटा ने बताया कि 10 से 20 जून तक परियोजना क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में ऐसे समर मेलों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षक वृत्त टिंबी, बच्चों की माताओं ने भाग लिया।