बेचड़ का बाग स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में होनहार सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेचड़ का बाग में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शैक्षणिक, खेलकूद व अन्य गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर बच्चों को सम्मानित किया गया। अशोक कुमार और प्रीतिका ने सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी और टैगोर सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन का खिताब प्रदान किया गया।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक हिमेंद्र चंद बाली ने दीप प्रज्वलित करके समारोह का विधिवत शुभारंभ किया, जबकि उपनिदेशक (गुणवत्ता) रीता गुप्ता व प्रधान ग्राम पंचायत महीपुर अनिल ठाकुर, सूर्य सिरमौर के प्रबंध निदेशक अनिल राणा व कुलदीप पंवार विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य ओम प्रकाश पुंडीर ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश किया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब समां बांधा। अंत में मुख्यातिथि ने 100 से अधिक विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।