हरिपुरधार के समीप उजाली खड्ड के पास दरकी पहाड़ी से बंद हुआ सोलन-मीनस मार्ग।
- फोटो : NAHAN
हरिपुरधार (सिरमौर)। सोलन-मीनस सड़क पर हरिपुरधार से करीब तीन किलोमीटर दूर उजाली ढांक के पास वीरवार सुबह करीब पौने आठ बजे अचानक एक पहाड़ दरक गया। इस कारण सड़क पर बड़ी-बड़ी चट्टानें आने से सोलन-हरिपुरधार मार्ग पांच घंटे तक बंद रहा।
पहाड़ी दरकने से एक मिनट पहले ही वहां से गुजरा सीमेंट से लदा एक ट्रक और राजगढ़ की तरफ जा रही एक निजी बस बाल-बाल बच गए। हरिपुरधार से राजगढ़ जा रही निजी बस जब साजखिल पहुंची तो उसी समय वहां से महज 300 मीटर की दूरी पर पहाड़ टूट कर सड़क पर आ गया। बस में करीब 20 से 25 सवारियां बैठी थीं। गनीमत यह रही कि इस दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। इस प्रमुख मार्ग के बंद होने के कारण नौहराधार, राजगढ़, सोलन, शिमला और चंडीगढ़ जाने वाली बसें दोपहर एक बजे तक हरिपुरधार में ही फंसी रहीं। इस कारण सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोलन और शिमला की तरफ से आने वाले यात्रियों को उजाली ढांक से हरिपुरधार तक पैदल ही आना पड़ा। स्कूली बच्चों को भी स्कूल पहुंचने में देरी हो गई। सड़क सुबह पौने आठ बजे बंद हुई थी। 11 बजे तक लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क खोलने का कार्य शुरू न किए जाने से वहां फंसे यात्रियों में लोक निर्माण विभाग के प्रति भारी रोष देखने को मिला। सड़क खोलने का कार्य 11 बजे के बाद शुरू हुआ और एक बजे के बाद इस मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया। अधिशासी अभियंता आरके शर्मा ने बताया कि जिस ठेकेदार के पास सड़क के मरम्मत कार्य का टेंडर है, उसकी जेसीबी मशीनें किसी दूसरी सड़क पर काम कर रही थी। साइट दूर होने के कारण जेसीबी मशीन को उजाली ढांक तक पहुंचने में देरी हुई। दोपहर को सड़क बहाल कर दी है।
सब डिविजन हरिपुरधार एक जेई के सहारे
करीब 4 महीने से लोक निर्माण विभाग का हरिपुरधार सब डिविजन मात्र एक जेई के सहारे चल रहा है। सब डिवीजन में एसडीओ का पद चार महीनों से खाली पड़ा है। जेई के भी दो पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। स्टाफ की भारी कमी के चलते क्षेत्र में सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य पूरी तरह से बाधित हो रहे हैं।