प्राथमिक अध्यापकों को पठन-पाठन को लेकर दिया प्रशिक्षण
डाइट नाहन में दो दिवसीय कार्यशाला में 75 प्राथमिक शिक्षकों ने लिया भाग
जिले में 2,143 प्राथमिक शिक्षकों को दिया जाना है प्रशिक्षण, 99 प्रतिशत पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से डाइट में प्राथमिक अध्यापकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में नाहन शिक्षा खंड के स्कूलों में कक्षा प्रथम और कक्षा द्वितीय में अंग्रेजी मीडियम आरंभ करने के दृष्टिगत शिक्षकों को पठन-पाठन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में 63 जेबीटी, 6 मुख्य शिक्षक और 6 सीएचटी अध्यापकों सहित कुल 75 अध्यापकों ने भाग लिया। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यशाला में नीलम शर्मा, देवराज और सुद राम शर्मा ने बतौर रिसोर्स पर्सन भाग लेकर जेबीटी को प्रशिक्षित किया।
बता दें कि शिक्षा सत्र 2024-25 में सरकारी स्कूलों में पहली और दूसरी कक्षा में अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है। इसे लेकर सिरमौर के प्राथमिक स्कूलों में तैनात 2,143 अध्यापकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि बच्चों को पढ़ाने में आसानी हो।
कार्यशाला के समन्वयक संतराम शर्मा ने बताया कि जिला सिरमौर में लगभग 99 प्रतिशत अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को लेकर शिक्षकों में भी उत्साह देखने को मिला। उम्मीद जताई जा रही है कि सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू होने के बाद नामांकन बढ़ेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
-संवाद