थयानबाग के जंगल से बरामद लकड़ी को ले जाता वाहन। संवाद
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर)। वन मंडल रेणुकाजी के अंतर्गत भवाई बीट में थयानबाग के जंगल में जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान देवदार के 165 और नग बरामद हुए हैं। इन नगों की संख्या अब बढ़कर 300 हो गई है। सर्च ऑपरेशन टीम ने पिछले एक सप्ताह सेे जंगल को खंगालने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
विभाग अब तक 300 नगों को बरामद कर अपने कब्जे में ले चुका है। थयानबाग में हुए अवैध कटान के मामले में टीम को कटी हुई लकड़ी की मात्रा अधिक होने के संकेत पहले ही दिखाई दे रहे थे। लिहाजा, विभाग ने सर्च ऑपरेशन को जारी रखा।
वन विभाग ने अवैध कटान पर विभागीय कार्रवाई शुरू करने के साथ ही संगड़ाह थाने में अवैध कटान और लकड़ी चोरी होने का मामला भी दर्ज करवाया है। इसके तहत संगड़ाह पुलिस जांच में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि करीब एक सप्ताह पूर्व ही भवाई बीट के थयानबाग जंगल में निरीक्षण के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी संगड़ाह को देवदार के 20 नग अवैध रूप से कटे मिले थे। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डीएफओ रेणुकाजी ने तत्काल सर्च ऑपरेशन टीम का गठन कर पूरे जंगल को खंगालने के निर्देश दिए थे। एक सप्ताह से चले आ रहे इस सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। निरीक्षण के दौरान टीम को एक साथ 114 देवदार के कटे हुए वृक्ष के ठूंठ बरामद हुए। इसके बाद अबतक 300 नग बरामद किए जा चुके हैं।
डीएफओ रेणुकाजी उर्वशी ठाकुर ने बताया कि थयानबाग का जंगल खंगालने के दौरान सर्च ऑपरेशन टीम को 165 नग और बरामद हुए हैं। अभी तक 300 नगों को बरामद करने में सफलता हाथ लगी है। सर्च ऑपरेशन कार्य प्रगति पर है।
उधर, डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह ने बताया कि मामले से संबंधित जांच अभी जारी है। बीट गार्ड से पूछताछ की जा रही है। वन काटुओं का शीघ्र ही पता लगा लिया जाएगा।