नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष लगातार इस योजना को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास कर रहा है। इसको लेकर जिला मुख्यालय नाहन और पांवटा साहिब में सोमवार को कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खूब प्रदर्शन किया।
नाहन में कांग्रेस भवन से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक विरोध रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच कांग्रेस ने उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा और अग्निपथ की योजना को तुरंत वापस लेने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस सचिव अजय सोलंकी ने कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के हित में नहीं है और इस योजना से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। यदि इस योजना को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस को भविष्य में उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि देशभर में युवा इस योजना का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को चाहिए कि इस योजना को तुरंत वापस लिया जाए, अन्यथा आंदोलन को ओर अधिक तेज किया जाएगा। इस मौके पर कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.....
पांवटा में लगे अग्निपथ योजना वापस लो के नारे
पांवटा। पांवटा साहिब में कांग्रेस ने विश्राम गृह से लघु सचिवालय तक जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ योजना वापस लो के खूब नारे लगाए। इसके बाद तहसीलदार पांवटा के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पांवटा किरनेश जंग ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार युवा विरोधी है। युवाओं को रोजगार देने की बजाय सरकार सेना में भी ठेकेदारी प्रथा से रोजगार छीन रही है। अग्निपथ योजना युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है।
प्रदेश कांग्रेस सचिव अवनीत लांबा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी शर्मा व युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मोहब्बत अली ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना से युवाओं के सेना में भर्ती के सपने टूट रहे हैं। इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। इससे पहले ब्लॉक कांग्रेस और युकां के कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह से लघु सचिवालय तक विरोध प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए।
इस अवसर पर हरप्रीत सिंह, ममता चौहान, सुभाष शर्मा, किशन ठाकुर, अरिकेश जंग, प्रदीप चौहान, मोहब्बत अली, विशाल वालिया, राकेश चौधरी व नितिन समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एसडीएम कार्यालय के बाहर अग्निपथ योजना के विरोध में धरना देते पांवटा ब्लॉक कांग्रेस के नेता व कार?- फोटो : NAHAN