संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पैंथर्स क्लब ने उम्मीद फाउंडेशन के सहयोग से बच्चों के एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन उम्मीद फाउंडेशन के कार्यालय में किया गया। इसमें गर्मियों में लावारिस पशुओं और पक्षियों को आ रही पीने के पानी की समस्या और उसके निदान के बारे में चर्चा की गई। इस अवसर पर अलीज़ा, मनस्वी, स्वास्तिका, देवांशी, अलीना और अलीशा ने अपने-अपने विचार रखे।
अलीज़ा ने बताया कि शहर में तेज गर्मी पड़ रही है जिसके कारण हम सब इंसानों का बुरा हाल है। ऐसे में बेजुबान आवारा जानवरों का क्या होता होगा, जिनके लिए शहर में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। मनस्वी ने भी शहर में प्यास से भटकते लावारिस जानवरों की पीने के पानी को लेकर आ रही समस्या पर अपने विचार रखे। स्वास्तिका ने पशु-पक्षियों के लिए पानी का इंतजाम करने के तरीके ढूंढने पर जोर दिया।
अलीना, अलीशा और देवांशी ने सुझाव दिया कि हमें सबसे पहले तो अपने घर की छत पर मिट्टी के बर्तनों में साफ पानी की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि पक्षियों को ठंडा पेयजल प्राप्त हो सके। और सबको अपने घरों के आगे गली में भी इसी बाल्टी में आवारा पशुओं के लिए पानी भर कर रखना चाहिए।
अंत में सबने निर्णय लिया कि पैंथर्स क्लब के सभी बच्चे सबसे पहले तो खुद अपने स्तर पर गायों, कुत्तों और चिड़ियों के लिए अपनी अपनी छत और गली में पीने का पानी प्रतिदिन रखा करेंगे। इसी के साथ पैंथर्स क्लब के सदस्य अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भी इस बारे में जागरूक करेंगे और उन्हें भी इस भीषण गर्मी में बेजुबान जानवरों और पक्षियों की मदद करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर उम्मीद फाउंडेशन के डायरेक्टर जावेद उल्फत, ट्रस्टी प्रमोद कुमार, बिट्टू थापा और मोमिना भी उपस्थित रहे।
-संवाद