शिलाई कॉलेज में एनएसएस शिविर के शुभारंभ पर मुख्यातिथि के साथ स्वयंसेवी। संवाद
शिलाई कॉलेज में सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू
नशामुक्त और टीबी मुक्त भारत का संदेश देंगे स्वयंसेवियों
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय शिलाई में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई एक और दो के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर की थीम नशामुक्त युवा और टीबी मुक्त युवा, विकसित भारत रखी गई है। कार्यक्रम अधिकारी रंजना चौहान और यशपाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर के उद्घाटन सत्र में कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज ने मुख्य अतिथि एवं स्रोत व्यक्ति के रूप में शिरकत की।
इस दौरान गोपाल भारद्वाज ने स्वयंसेवियों को एनएसएस के मूल सिद्धांतों और नशामुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवियों ने हिमाचली नाटी प्रस्तुत कर समां बांधा। वहीं, नशामुक्त और टीबी मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पोस्टर मेकिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं।
शिविर के दूसरे सत्र में स्वयंसेवियों ने गोद लिए गए गांव कैलाथ स्थित मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।-