नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। सिरमौर के प्रसिद्घ मंदिर वीरवार 7 अक्तूबर से माता के जयकारों से गूंजेंगे। नवरात्र को लेकर मंदिरों में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर भारत के प्रसिद्घ महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में हर तरह से व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया है। कोविड संकट के बीच यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जहां 228 पुलिस जवान और 90 होमगार्ड जवान मेला क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखेंगे।
इसके साथ-साथ पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मेला स्थल को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया है जहां 50 कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। हालांकि, कोरोना से पहले जिस तरह नवरात्र मेले की रौनक और चमकदमक हुआ करती थी, वह अब देखने को नहीं मिल रही। अलबत्ता कोरोना महामारी के खौफ ने श्रद्धालुओं के लिए एहतियात स्वरूप पाबंदियां जरूर बढ़ा दी हैं।
जिला प्रशासन ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए जरूरी हिदायतें जारी की हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश करने दिया जाएगा। मंदिर में प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं को सामाजिक दूरी बनाए रखनी होगी। सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पांच दर्जन सफाई कर्मी मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में अपनी सेवाएं देंगे। मेला स्थल से एक किलोमीटर पहले वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था की गई है, जहां वाहन पार्क करने होंगे।
मेला सुरक्षा अधिकारी एवं एएसपी सिरमौर बबीता राणा ने बताया कि मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में 90 होमगार्ड जवान और 228 पुलिस जवानों के अलावा 50 निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई।
..........
पांच बजे खुलेंगे मंदिर के कपाट
माता बालासुंदरी मंदिर के कपाट सुबह 5 बजे मुख्य आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। भक्त परिवार से पुश्तैनी भक्त राजेश गुप्ता उर्फ बिट्टू ने बताया कि रोजाना रात 10 बजे तक मंदिर के कपाट दर्शनों के लिए खुले रहेंगे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को कतार में खड़े रहने के लिए उचित व्यवस्था की गई है, जिससे सामाजिक दूरी का पालन किया जा सके।
..........
सिरमौर के अन्य मंदिरों में भी तैयारियां पूरीं
कालीस्थान मंदिर नाहन, महामाया बालासुंदरी मंदिर जमटा, हरिपुरधार स्थित मां भंगायणी मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। कालीस्थान मंदिर में साज सज्जा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत यहां पर भी पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है।