पांवटा साहिब (सिरमौर)। दूसरी वीके चौधरी कोस्को क्रिकेट प्रतियोगिता ट्रॉफी-2022 पर फ्रैंडस डीएसआर एकादश टीम ने कब्जा जमा लिया है। डे नाइट कोस्को बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में डीएसआर ने कालाअंब को 82 रनों से हराया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले अमरीक को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीत कर डीएसआर टीम ने 8 ओवरों में 6 विकेट पर 118 रनों का स्कोर बनाया जिसमें हैप्पी ने 27, सन्नी ने 25 व जयवीर सिंह ने 20 रनों की पारी खेली।
गेंदबाजी में कालाअंब टीम की तरफ से भानू ने 3, अरुण व रोहित ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कालाअंब टीम मात्र 36 रनों पर सिमट गई। डीएसआर टीम ने 82 रनों से मैच जीत कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने प्रतियोगिता की संचालन समिति को एक लाख की राशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने विजेता टीम को 21 हजार और उपविजेता को 11 हजार और रनर ट्रॉफी प्रदान की।
प्रतियोगिता में बॉबी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, अंकुर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सन्नी को फाइनल में मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सुभाष चौधरी, राहुल चौधरी, नवनीत चौधरी, रवि दीप, दीपक, राहुल पुंडीर, निखिल, मनिंदर सिंह व सुनील चौधरी मौजूद रहे।