नाहन (सिरमौर)। राज्यकर एवं आबकारी विभाग ने शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में दबिश दी। इस दौरान मुंबई से कालाअंब की एक फर्म का सामान लेकर पहुंचे ट्रक को जांच के लिए रोका गया। विभाग के उप आयुक्त प्रीतपाल सिंह की अगवाई में टीम ने जांच में पाया कि ट्रक में 45 लाख रुपये का सामान है। मौके पर पेश किए गए बिल में सामान कुछ दर्शाया गया, जबकि ट्रक में सामान कुछ और था। इस सामान का ई-वे बिल भी बद्दी के लिए भरा गया था। लिहाजा, विभाग ने कार्रवाई करते हुए जीएसटी कर सहित फर्म पर 13,75,758 रुपये जुर्माना ठोका, जिसे तुरंत ही ऑनलाइन जमा भी करा दिया गया।
ट्रक में रखे सामान की जांच पर विभाग को शैंपू और कास्मेटिक आइटम बरामद हुईं। जबकि, बिल में प्लास्टिक की शीशियां दिखाई गई थीं। राज्यकर एवं आबकारी विभाग सिरमौर के उप आयुक्त प्रीतपाल सिंह ने कालाअंब की फर्म पर 13.75 लाख रुपये जीएसटी कर व जुर्माना वसूलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ट्रक मुंबई से सामान लेकर कालाअंब पहुंचा था, जिसे टीम ने दबोचा। ट्रक में भरे सामान की कीमत 45 लाख रुपये थी। प्रीतपाल सिंह ने कहा कि जिला सिरमौर में विभाग की कई टीमें चेकिंग पर तैनात हैं। जीएसटी एक्ट में ई-वे बिल (रोड़ चैकिंग) के तहत अप्रैल 2021 से अभी तक 1.20 करोड़ का जुर्माना व कर सरकारी खजाने जमा कराया जा चुका है।